जगत्जननी माँ की आज्ञानुसार भैया श्री नन्दकिशोर शारदा के मार्गदर्शन में "स्वामी विवेकानन्द स्टुडेन्ट्स वेलफेयर चेरिटेबल ट्रस्ट" का शुभारम्भ हुआ। इस ट्रस्ट (न्यास) की स्थापना 10 जून 1996 को जगत्जननी माँ की आज्ञानुसार सुश्री बसन्ती मनिहार ने जोधपुर में की व भैया श्री नन्दकिशोर शारदा इसके अध्यक्ष बने। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि जो भी जरूरतमंद बालिकायें धनाभाव के कारण शिक्षा से वंचित रह जाती हैं उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करना ताकि वे अपना अध्ययन पूरा कर सकें। यह कार्य उन्होंने मिशनरी उत्साह, उमंग और माँ की साधना समझकर प्रारंभ किया और जोधपुर एवं बालोतरा की प्रायः सभी सरकारी स्कूलों की जरूरतमंद छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन में आशा की किरण जागृत की। अब तक इस ट्रस्ट द्वारा 31 करोड़ से अधिक धनराशि छात्रवृत्ति के रूप में छात्राओं को प्रदान की जा चुकी है।अब तक इस ट्रस्टद्वारा 31657 छात्राएं लाभांवित हो चुकी हैं। इस ट्रस्ट का मुख्य सिद्धान्त है कि कोई भी छात्रा अर्थाभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। यह ट्रस्ट उनके नैतिक, बौद्धिक, आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान में सहायक बने जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अन्ततः उत्तम नागरिक बन सकें । जाति, धर्म व सम्प्रदाय के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है।

